रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सलमाबाद मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे में शामिल बाइक को जब्त कर लिया है और चालक की पहचान में जुटी है।
मृतका की पहचान सलमाबाद गांव निवासी शरीफा देवी पत्नी स्वर्गीय देवी बिंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच वह अपने बेटे और गांव के कुछ लोगों के साथ मजदूरी के लिए दूसरे गांव जा रही थीं। इसी दौरान सलमाबाद मोड़ के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शरीफा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत रहुई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रविवार शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को जब्त कर लिया गया है। वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। परिजनों के आवेदन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट:- अशोक कुमार, मृतिका के भतीजा



