रिपोर्ट – संतोष कुमार पांडेय
लखीसराय – 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक वांछित नक्सली को गिरफ्तार किया गया। यह अभियान कमांडेंट कुनाल कुमार के निर्देशन में चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, एफ समवाय बन्नु बगीचा के सहायक कमांडेंट सौरव रंजन के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ बन्नु बगीचा थाना क्षेत्र के बांकुड़ा गांव के जंगलों एवं पहाड़ी इलाकों में नक्सल विरोधी सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शनिवार (5 जुलाई) को बांकुड़ा गांव में विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन (कासो ऑपरेशन) संचालित किया गया।
इस दौरान फरार चल रहे कुख्यात नक्सली योगेंद्र कोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शनिवार शाम करीब 6:45 बजे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और वांछित उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




