पंकज कुमार जहानाबाद
बिहार के सम्राट चौधरी की सरकार लगातार अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तरह-तरह के दिशा निर्देश अधिकारियों को दे रहे हैं बावजूद इसके अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है
जहानाबाद शहर में बेखौफ अपराधियों ने सत्ताधारी दल के एक नेता पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के करीबी माने जाने वाले जदयू नेता मनीष कुमार पर पिस्टल और धारदार हथियार से हमला किया गया। वारदात में गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना का अंजाम अपराधियों ने उसे वक्त दिया जब मनीष कुमार एक मरीज को अस्पताल में इलाज कराने आए थे
जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार अपने पैतृक गांव सिकरिया के एक बीमार ग्रामीण को इलाज के लिए जहानाबाद शहर लाए थे। राजा बाजार स्थित एक डॉक्टर के यहां मरीज को दिखाने के दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और साथियों ने घायल जदयू नेता को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे जख्म हैं और काफी खून बहने के कारण उन्हें तत्काल इलाज दिया गया। फिलहाल उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घायल नेता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहां की यह सब नशा खोरी गिरोह का विरोध करने के कारण हुआ है
अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में मनीष कुमार ने अंकित उर्फ लड्डू नारायण समेत कुछ अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमलावरों ने पिस्टल और चाकू के साथ हमला किया और धमकी दी कि इलाके में शराब, अफीम और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार चलता रहेगा, जो इसका विरोध करेगा उसका यही अंजाम होगा।
पुलिस जांच में जुटकर आरोपियों की तलाश कर रही है ।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल नेता का बयान दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।



