:- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर
—अखंड भारत पुरोहित महासभा की बैठक में निर्णय, सनातन संस्कृति के संरक्षण और जागरूकता पर रहेगा जोर
मुजफ्फरपुर:अखंड भारत पुरोहित महासभा की ओर से शुक्रवार को सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आचार्य अभिषेक चौबे ने की। बैठक में सर्वसम्मति से मुजफ्फरपुर में भव्य सनातन महाकुंभ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस आयोजन में देश-विदेश के साधु-संत, महंत, आचार्य, पंडित, पुजारी, पुरोहित, मठाधीश तथा सनातन धर्म के विद्वानों को एक मंच पर लाने की योजना बनाई गई। महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पंडित हरिशंकर पाठक ने बताया कि सनातन महाकुंभ में नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों एवं जिलों से संत-महात्माओं और विद्वानों का आगमन होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के कारण भारतीय संस्कार और सनातन परंपराएं धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही हैं। इसका प्रभाव समाज और राष्ट्र दोनों पर दिखाई दे रहा है। ऐसे समय में सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और जनजागरण के उद्देश्य से इस महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महाकुंभ के दौरान संत-महात्मा अपने प्रवचनों के माध्यम से समाज को सनातन धर्म के मूल्यों, संस्कृति और नैतिक जीवन के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही समाज में सनातन धर्म की मजबूती के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को चयनित कर सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, संभावित तिथि, कार्यक्रमों और विभिन्न समितियों के गठन पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित धनंजय तिवारी, पंडित सुरेश मिश्रा, पंडित गगनदेव पांडे, पंडित आशीष मिश्रा, आचार्य चंदन मिश्र, पंडित विकास तिवारी, पंडित पंकज पांडे, पंडित गणेश पांडे, पंडित विनोद दुबे, आचार्य अमित तिवारी, पंडित मनु तिवारी सहित महासभा के कई सदस्य उपस्थित रहे।



