भोजपुर के संगीत शिक्षक अजीत पांडेय को मिला आर्ट एजुकेटर अवार्ड!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा। भोजपुर जिले के संगीत शिक्षक अजीत पांडेय को शैक्षणिक एवं सांगीतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए आर्ट एजुकेटर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पटना म्यूजियम में आयोजित विश्व संगीत दिवस उत्सव एवं आर्ट एजुकेटर सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट एजुकेटर ऑफ बिहार द्वारा आयोजित समारोह में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने अजीत पांडेय को सम्मानित किया।
अजीत पांडेय भोजपुर जिले के पीरो प्रखंड अंतर्गत खननी कलां स्थित राम बरत सिंह +2 विद्यालय में संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा और संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान अजीत पांडेय ने शास्त्रीय संगीत की प्रसिद्ध प्रस्तुति राग मियां मल्हार का गायन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। वर्तमान में वे विदुषी बिमला देवी एवं पंडित रामप्रकाश मिश्र के मार्गदर्शन में शास्त्रीय संगीत की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। अपनी प्रतिभा और निरंतर साधना के बल पर वे भोजपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में शास्त्रीय संगीत के उभरते हुए कलाकार के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
अजीत पांडेय की इस उपलब्धि पर व्याख्याता डॉ. जैनेंद्र दोस्त, राजीव रंजन, डॉ. विशाल भूषण, उदय पंडित तथा गुरु बक्शी विकास सहित कई शिक्षाविदों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Join us on: