दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!
ओझौल पंचायत की मुखिया निक्की कुमारी ने पति पर लगे आरोपों को बताया साजिश, कहा– 7 लाख के लेन-देन को राजनीतिक रंग दिया जा रहा
दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत ओझौल पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि सूरज कुमार पर वाहन छीनने, कमीशन और रंगदारी मांगने के लगाए गए आरोपों के बीच पंचायत की मुखिया निक्की कुमारी ने बहादुरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले को राजनीतिक द्वेष और आपसी पैसे के लेन-देन से जुड़ा बताया है। उन्होंने कहा है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण सुनियोजित तरीके से उनके पति को बदनाम और फंसाने की कोशिश की जा रही है।
मुखिया निक्की कुमारी ने अपने आवेदन में कहा है कि वास्तविकता यह है कि आनंद कुमार ने उनके पति सूरज कुमार से 7 लाख रुपये लिए थे। बाद में उन्होंने फोनपे और अन्य माध्यमों से कई किस्तों में कुछ राशि वापस भी की, लेकिन पूरी रकम नहीं लौटाई। निक्की कुमारी के अनुसार, जब शेष राशि की मांग की गई तो आनंद कुमार ने स्वयं अपनी चार चक्का गाड़ी उनके घर भिजवाकर कहा था कि पैसा देने के बाद गाड़ी वापस ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि गाड़ी उनके घर पर रहने के बाद भी आनंद कुमार की ओर से सूरज कुमार के खाते में कुछ और पैसे भेजे गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मामला वाहन छीनने का नहीं, बल्कि आपसी लेन-देन का है।
मुखिया निक्की कुमारी ने आगे कहा कि जिन व्यक्ति द्वारा उनके पति पर पंचायत की योजना में अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया जा रहा है, वह पहले यह स्पष्ट करें कि ओझौल पंचायत में आखिर किस योजना के तहत उन्हें काम दिया गया था। उन्होंने कहा कि पंचायत या पंचायती राज विभाग की ओर से उन्हें किसी भी योजना के लिए अधिकृत नहीं किया गया था। न तो वह किसी योजना के संवेदक हैं और न ही ओझौल पंचायत के मतदाता हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर उन्हें किस आधार पर पंचायत की किसी योजना से जोड़ा जा रहा है।
निक्की कुमारी ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि आरोप लगाने वाले के पास कोई साक्ष्य है, जैसे किसी योजना का एमबी, प्राक्कलन (एस्टीमेट) या अन्य सरकारी दस्तावेज उनके नाम से मौजूद हो, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी अधिकृत भूमिका के योजना में पैसे मांगने का आरोप पूरी तरह निराधार है और इसे जानबूझकर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत हवा दी जा रही है। उनके अनुसार, यह पूरा मामला पैसे के लेन-देन का है, जिसे पंचायत चुनाव से पहले राजनीतिक रंग देकर उनके पति की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल बहादुरपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के दावों, आवेदन तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
बाइट:- निक्की कुमारी, अझोल पंचायत ( मुखिया )




