रिपोर्ट : आदित्यानंद आर्य
बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच देर रात भीषण मुठभेड़ हुई है। आरा फेक एनकाउंटर के आरोपों को झेल रही बिहार पुलिस ने सीतामढ़ी में मुस्तैदी दिखाते हुए एक कुख्यात बदमाश का हाफ एनकाउंटर कर दिया है। घटना रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी स्थित आम के बगीचे के पास पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें सीएसपी लूटकांड का मुख्य आरोपी फेकन महतो पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। दरअसल, 1 जुलाई को रीगा थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक से 1.50 लाख लाख की बड़ी लूट हुई थी। इस घटना के बाद सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। तभी 2 जुलाई की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की साजिश रची जा रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र से लूटकांड को अंजाम देने पहुंचे फेकन महतो के चार साथियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार लिया। लेकिन मुख्य आरोपी, फेकन कुमार उर्फ चंदन कुमार, पुलिस को चकमा देकर अपनी अपाचे बाइक से रीगा की तरफ भाग निकला। इसके बाद नगर थाना पुलिस की सूचना पर रीगा पुलिस ने रेवासी गांव के पास तगड़ी घेराबंदी की। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी फेकन ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर लगातार तीन राउंड फायरिंग झोंक दी। अपराधियों की तरफ से की गई फायरिंग में एक गोली पुलिस के वाहन में भी जा लगी, इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ और नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली सीधे फेकन के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर ही ढेर होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश को इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल ले जाया गया और अब वह पुलिस कस्टडी में है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और बीते सप्ताह परसौनी थाना क्षेत्र से लूटी गई बिना नंबर की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल। गिरफ्तार मुख्य आरोपी फेकन कुमार उर्फ चंदन कुमार, परसौनी थाना क्षेत्र के पसुरामपुर सुंदरगामा का रहने वाला है, जो महज 15 दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था और बाहर आते ही फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया था। इसके साथ गिरफ्तार अन्य आरोपियों में फेकन कुमार, शिवहर के लड्डू कुमार, अविनाश कुमार और कमलेश कुमार शामिल हैं।
नोट : पुलिस ने रिलीज जारी किया है



