रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना के पीएमसीएच सहित पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार
ने कहा कि बहुत जल्द पीएमसीएच की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा और मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए काम तेज किया गया है। सरकार का फोकस है कि लोगों को उनके नजदीकी सरकारी अस्पतालों में ही गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज मिले ताकि अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम हो। इसके लिए जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सभी संस्थानों को सशक्त किया जा रहा है।
निशांत कुमार ने बताया कि राज्य में ट्रॉमा सेंटरों की संख्या बढ़ाने पर लगातार काम चल रहा है। सड़क दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट्स को चिह्नित कर वहां मानक ट्रॉमा सेंटर और एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही सरकारी अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और जरूरी संसाधनों से लैस किया जा रहा है। न्यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार जिला अस्पतालों तक करने की योजना है।
मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्ती का संकेत देते हुए कहा कि सभी पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। यह देखा जाएगा कि अधिकारी ड्यूटी पर कब आते हैं और कब जाते हैं। भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। निशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि अगर कोई भी कर्मचारी या अधिकारी गलत काम में पकड़ा गया तो उस पर बड़ी कार्रवाई होगी। स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
दवाओं की समस्या पर भी मंत्री ने बात की। उन्होंने कहा कि दवा खानों में आ रही परेशानियों और घोटालों पर नजर रखी जा रही है। सभी मामलों पर कार्रवाई होगी और सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मरीजों के सभी मेडिकल रिकॉर्ड और आयुष इलाज का डेटा भी डिजिटल किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए नियमित ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी और सेवा देने वाले चिकित्सकों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। मेडिकल कॉलेज से लेकर पीएचसी तक सभी खाली पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य प्रणाली इतनी मजबूत हो कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बिहार से बाहर न जाना पड़े। मई 2026 में कार्यभार संभालने के बाद से ही निशांत कुमार ने 11 पॉइंट हेल्थ मिशन पर काम शुरू कर दिया है। हाल ही में पटना के दरियापुर भट्ठी में नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन भी उनके द्वारा किया गया।
पीएमसीएच में हाल में गार्डों द्वारा मारपीट की घटना भी सामने आई थी जिसमें दो लोगों का सिर फट गया था। ऐसे में मंत्री का यह बयान व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम माना जा रहा है।




