रिपोर्ट- मिथुन कुमार!
नालंदा पहुंचे सांसद पप्पू यादव। पेपर लीक, अपराध और भ्रष्टाचार पर सरकार-विपक्ष को पप्पू यादव ने एक साथ घेरा।जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है सरकार।बिहार को जातीय तनाव से बचाने की जरूरत।
जहांगीरपुर पहुंचे पप्पू यादव, पीड़ित परिवार से मिल सरकार पर साधा निशाना।बिहार में बढ़ रहा जातीय उन्माद, सरकार जिम्मेदार’ सरकार को पहल करने की जरूरत।
नालंदा:पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव नालंदा के अस्थावां थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव पहुंचे, जहां हाल ही में महज एक हजार रुपये के चंदे के विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिहार में बढ़ते जातीय तनाव, अपराध और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों को घेरा। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में अब धार्मिक और सांप्रदायिक उन्माद से ज्यादा जातीय उन्माद बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के रवैये की वजह से समाज में जातीय विभाजन गहरा रहा है और अगर समय रहते इसे नहीं रोका गया तो हालात गृहयुद्ध जैसे हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से जातीय तनाव रोकने के लिए ठोस पहल करने की मांग की। राबड़ी आवास और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर भी पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। उनके मुताबिक बिहार में पेपर लीक, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर सवाल हैं, लेकिन सत्ता और विपक्ष दोनों इन मुद्दों पर समझौता किए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप कर जनता के असली मुद्दों को दबाने का काम कर रहे हैं।
बाइट:पप्पू यादव सांसद पूर्णियां




