रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बासोपट्टी बाजार के रहने वाले जीवछ महतो के परिवार के लिए गुरुवार का दिन गर्व और खुशी लेकर आया। उनके पुत्र आयुष्मानु कुमार और पुत्री राखी कुमारी ने बी पी एस सी 70 वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है।
इस सफलता के बाद आयुष्मानु कुमार का चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी ( बी डी ओ ) के पद पर, जबकि राखी कुमारी का चयन आर डी ओ पद के लिए हुआ है।
दोनों सफल अभ्यर्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। गुरुवार को जब वे बासोपट्टी बाजार पहुंचे तो ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर बासोपट्टी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बी डी यो) सहित भाजपा नेता संजय महतो ने दोनों भाई-बहन और उनके माता-पिता को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
इस दौरान पिता जीवछ महतो ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने वर्षों तक ठेला पर मिर्च मसाला बेचकर अपने बच्चों की पढ़ाई कराई। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, संघर्ष और बच्चों की लगन का ही परिणाम है कि आज दोनों अधिकारी बनकर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
यह सफलता बासोपट्टी ही नहीं, बल्कि पूरे मधुबनी जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।




