एसपी साहब से परिजनो ने पूछा ज़ब भरत ने हथियार फेंक दिया तो क्यूँ मारी गोली? एसपी नहीं दे पाये जबाब!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

भरत तिवारी मौत मामले में नया मोड़, महापंचायत के बाद परिजनों से मिले भोजपुर एसपी
आरा/भोजपुर। भरत तिवारी की मौत को लेकर दो दिन पहले बुलाई गई महापंचायत के बाद मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। महापंचायत की रात ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज भरत तिवारी के घर पहुंचे और उनके माता-पिता समेत घर में मौजूद भाई से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि एसपी ने परिजनों से कहा कि “हम केवल सुनने आए हैं।”
इसी दौरान परिजनों का दर्द छलक पड़ा। रोते-बिलखते परिवार वालों ने एसपी से सीधा सवाल किया कि जब भरत तिवारी ने हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया था, तो फिर उसकी हत्या क्यों की गई और किसके इशारे पर की गई? परिजनों के इन सवालों पर भोजपुर एसपी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
भरत तिवारी की मौत को लेकर परिवार लगातार पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है। परिजनों का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम में कई गंभीर पहलुओं को अब तक सामने नहीं लाया गया है। यही वजह है कि अब परिवार ने जगदीशपुर के एसडीएम पर कार्रवाई की मांग भी तेज कर दी है। परिजनों का कहना है कि इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
इधर, भरत तिवारी की मौत को लेकर इलाके में पहले से ही आक्रोश का माहौल बना हुआ है। महापंचायत के आयोजन के बाद यह मामला और ज्यादा राजनीतिक तथा सामाजिक रूप से गरमा गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिहार सरकार और प्रशासन परिजनों की मांग पर जगदीशपुर के एसडीएम के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी सिर्फ आश्वासनों तक सीमित रह जाएगा?
फिलहाल, भरत तिवारी मौत मामले में परिजनों के आरोप, महापंचायत के बाद एसपी की मुलाकात और एसडीएम पर कार्रवाई की मांग ने पूरे प्रकरण को और संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी नजर बिहार सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Join us on: