आरा में साइबर ठगी का शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस ने लौटाए 1.70 लाख रुपये!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा। पटना मेट्रो में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुए एक युवक को भोजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। आरा साइबर थाना ने मामले में तत्परता दिखाते हुए ठगी की गई 1 लाख 70 हजार रुपये की राशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना मेट्रो में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से पैसे की ठगी कर ली गई थी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा आरा साइबर थाना में कांड संख्या-496/26 के तहत आवेदन दिया गया। आवेदन प्राप्त होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार अनुसंधान और तकनीकी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के प्रयासों का परिणाम यह रहा कि ठगी की गई कुल 1,70,000 रुपये की राशि वापस करा ली गई। भोजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ त्वरित और प्रभावी पहल माना जा रहा है।
भोजपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी, लॉटरी, बैंकिंग या ऑनलाइन निवेश के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर थाना या संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Join us on: