आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल मुख्यालय स्थित एक क्रिश्चियन स्कूल में ड्यूटी के दौरान एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर जिला अंतर्गत शिवपुर गांव निवासी बलराम की 20 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ममता कुमारी पीरो स्थित क्रिश्चियन स्कूल में रसोइया के पद पर कार्यरत थी।
सूत्रों के अनुसार, ड्यूटी के दौरान ममता किसी काम से स्कूल की छत पर गई थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थिति में वह नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीरो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर का जायजा लेते हुए वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में पीरो थाना पुलिस ने बताया कि स्कूल प्रशासन की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



