आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर के बड़हरा प्रखंड स्थित महुली गंगा घाट पर सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गंगा स्नान और पूजा-अर्चना का चला सिलसिला
भोजपुर जिले में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत महुली गंगा घाट पर गुरुवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुरुष हो या महिलाएं, हर कोई श्रद्धा और भक्ति के साथ गंगा स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिए घाट पर पहुंचा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अत्यंत पुण्यदायी मानी जाने वाली निर्जला एकादशी के अवसर पर महुली गंगा घाट श्रद्धालुओं की भीड़ से पट गया। अहले सुबह से ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने लगे थे। किसी ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की, तो किसी ने व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की।
घाट पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था, भक्ति और उल्लास साफ झलक रहा था। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
निर्जला एकादशी को लेकर पूरे घाट क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ नजर आए, वहीं गंगा घाट पर दिनभर आस्था और विश्वास का संगम देखने को मिला।




