रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
भोजपुरी में पढ़ाई की उपेक्षा को लेकर छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
बहाली परिनियम, 2026 में यूजीसी मानकों के अनुरूप संशोधन की भी मांग
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों, नवस्थापित प्रखंड डिग्री कॉलेजों में भोजपुरी विषय के उच्च अध्ययन को आरंभ करने और स्नातकोत्तर भोजपुरी विभाग तथा कॉलेजों में शिक्षकों कर्मचारियों के पद सृजन और बहाली की मांग को लेकर विश्वविद्यालय के भोजपुरी छात्र संघ का एक शिष्टमंडल उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा बिहार के विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए नए ड्राफ्ट परिनियम, 2026 में यूजीसी मानकों के अनुरूप संशोधन करने की भी मांग की गई और ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञात हो कि स्नातकोत्तर भोजपुरी विभाग में अब तक पद सृजन और बहाली 1992 से नहीं हुई है। इसके अलावा अंगीभूत कॉलेजों और नवनिर्मित प्रखंड डिग्री कॉलेजों में भी भोजपुरी के अध्ययन के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। छात्रों की मांग है कि उर्दू और मैथिली के तर्ज पर भोजपुरी भाषी हर जिले के कॉलेजों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर भोजपुरी के अध्ययन की व्यवस्था हो। छात्र संघ सदस्यों ने बहाली के लिए ड्राफ्ट परिनियम,2026 में उम्र सीमा मानकों के अनुरूप 55 साल, लिखित परीक्षा और अकादमिक स्कोर पर भी संशोधन करने के विषय में उच्च शिक्षा मंत्री से चर्चा की और ज्ञापन सौंपा। ज्ञात हो कि उम्रसीमा में कमी किए जाने का राज्यस्तर पर विरोध हो रहा है जिसका खामियाजा राज्य के अधिकतम छात्रों को प्रभावित करेगा और यह यूजीसी मानकों के विपरीत है। उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने छात्र शिष्टमंडल की बातें ध्यान से सुनी और उनपर गंभीरता से सहयोग करने का आश्वासन दिया। बाद में उच्च शिक्षा मंत्री के निर्देश पर उच्च शिक्षा निदेशक, बिहार सरकार ने छात्रों से वार्ता की और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि भोजपुरी भाषा में उच्च शिक्षा में सुधार के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने स्नातकोत्तर भोजपुरी विभाग के विस्तार संबंधी मांग पर भी चर्चा की और कहा कि भवन आदि संसाधनों की कमी नहीं होगी। बाद में भोजपुरी छात्र संघ के सदस्यों ने लोकभवन जाकर राज्यपाल सह कुलाधिपति ले. ज. सैयद अता हसनैन के सचिवालय में संबंधित माँगों का ज्ञापन दिया। भोजपुरी छात्र संघ के शिष्टमंडल में संजय कुमार, यशवंत कुमार सिंह, राजेश कुमार, रवि प्रकाश सूरज प्रमुख थे।



