आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नागोपुर गांव में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान नागोपुर निवासी दिनेश यादव (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय भूटकी यादव के पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि दिनेश यादव गांव पर रहकर खेती-बारी का काम करते थे और उसी के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह मेहनतकश किसान थे और खेती को ही अपनी जीविका का मुख्य साधन बनाए हुए थे। अचानक करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हालांकि घटना किस परिस्थिति में हुई, इसे लेकर परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है। दिनेश यादव की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे रहे। परिवार के मुखिया की मौत से घर की जिम्मेदारियों को लेकर परिजन काफी चिंतित हैं। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।




