रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
देश रक्षा मे सीमा पर डटे फौजी के घर भी सुरक्षित नहीं
मधुबनी जिले के मधवापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकी बिहारी दक्षिणी गांव में बीती रात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पैक्स अध्यक्ष राम दिनेश चौधरी के छोटे भाई अभय कुमार चौधरी के घर में घुसकर चोरों ने तीन कमरों में रखी आलमारियों को खंगाल डाला और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात व नकदी लेकर सुरक्षित फरार हो गया।
घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं थें। परिजनों के अनुसार, घर में रखे करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण, एलईडी टीवी तथा लगभग 20 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली गई है। घटना की सूचना मिलने के बिद मधवापुर थाना की डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद थानाध्यक्ष शनि कुमार मौसम एवं एसआई अरविंद पासवान ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया।
गृहस्वामी अभय कुमार चौधरी सेना में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी शिक्षिका हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पड़ताल की जा रही है। थानाध्यक्ष मौसम कुमार ने बताया है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है, जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।




