:- रवि शंकर अमित!
मुख्य बिंदु :-
बिहारवासियों को मिली बड़ी रेल सौगात, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय रेल मंत्री ने छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मढ़ौरा लोको प्लांट से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन को भी मुख्यमंत्री और केन्द्रीय रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो बिहार की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और वैश्विक स्तर पर उसकी पहचान का प्रतीक है।
सारण जिले में दो आधुनिक टाउनशिप और दो एयरपोर्ट विकसित की जाएगी।
पटना 19 जून 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज छपरा जंक्शन पर छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में हरी झंडी दिखाकर मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस का शुभारंभकिया। साथ ही दोहरीघाट औड़िहार ट्रेन सेवा का वाराणसी तक विस्तारीकरण किया गया।
छपरा जंक्शन परिसर स्थित बने कार्यक्रम स्थल से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज छपरा की पावन धरती पर आने का मौका मिला है। श्री अश्विनी वैष्णव जी भारत सरकार के रेल मंत्री के तौर पर तथा आई०टी० मिनिस्टर के तौर पर आपके बीच आए हैं। मैं आप लोगों से आग्रह करूंगा कि जोरदार ताली बजाकर इनका स्वागत कीजिए। छपरा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। आज छपरा से दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मऊ से दिल्ली और एक और ट्रेन जो बनारस सिटी से दिल्ली तक जाएगी, इसके विस्तारीकरण की शुरुआत रेल मंत्री जी ने की है, यह उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए खुशी की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत की कल्पना को जमीन पर उतार रहे हैं। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने बिहार के विकास के लिए रेल के रास्ते का दरवाजा खोला है इसके लिए मैं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार प्रकट करता हूं। आज लगभग 1 लाख करोड़ से अधिक की योजना हमारे बिहार में चल रही है और प्रत्येक साल केंद्र सरकार रेल बजट में लगभग 10,000 करोड़ रुपया बिहार जैसे गरीब राज्य को देती है। कई जगह चीजों को उत्क्रमित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि बिहार में 38 जिले हैं जिसमें 36 जिले हमारे रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के द्वारा और आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के साथ-साथ और कई रेल मंत्रियों ने बिहार में रेल नेटवर्क को विकसित करने में सहयोग किया। खुशी की बात है कि आज इसको फुल ऑटोमेटिक करने का काम किया जा रहा है। पूरी तरह आई०टी० से जोड़ने का काम किया जा रहा है। रेलवे के ट्रैक को अच्छा करने का काम किया जा रहा है। मैं आदरणीय प्रधानमंत्री जी और श्री अश्विनी वैष्णव जी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि छपरा से लेकर कटिहार तक जो पूरा दूसरा ट्रैक है इसको भी टू लेन से श्री लेन करने का काम शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पूरे बिहार में 11 टाउनशिप बना रहा हूं और 11 टाउनशिप में सारण इकलौता जिला है जहां दो-दो बड़े टाउनशिप बनाने का काम हम कर रहे हैं। सारण जिला में एक नहीं दो-दो एयरपोर्ट बनाने की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट हम बना रहे हैं और इसका काम शुरू किया है साथियों तो कई चीजें स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी कई सेक्टर में हम लोगों को सुझाव देते रहते हैं, चाहे वो आई०टी० का सेक्टर हो, इंडस्ट्री का सेक्टर हो या रेलवे का सेक्टर हो। अभी मैं इनके साथ आ रहा था तो इन्होंने कहा कि ड्राई पोर्ट से बिहार में इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा। ड्राई पोर्ट की पूरी जगह आप उपलब्ध कराइए और एक ड्राई पोर्ट यदि बन गया तो उस इलाके में कम-से-कम 20 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट हमारे छपरा में आएगा। उन्होंने कहा कि ये बदला हुआ बिहार है। यहां सड़कों की जाल बिछी है। रोड कनेक्टिविटी बढ़ी है। पहले जब पटना से छपरा आते थे तो छपरा आने में चार से पांच घंटा लगता था। आज पटना से छपरा लोग डेढ़ से दो घंटे में आराम से पहुंच रहे हैं और यदि यहां से रेल कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी तो पटना जाना और आसान हो जाएगा और मात्र एक घंटा में पटना से छपरा लोग पहुंचना शुरू कर देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मेकिंग इंडिया के तहत मढ़ौरा की धरती से भी रेल का इंजन बनाया जा रहा है और आदरणीय रेल मंत्री जी से मैंने आग्रह किया है कि इसका टेन्योर खत्म हो रहा है इसलिए इसको आगे भी 20 साल तक के लिए बढ़ाया जाए। आमी स्थित भवानी मंदिर और आमी जगह का ऐसा विस्तार होगा कि विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। आमी से विदुपुर तक मां अंबिका गंगापथ बनाया जाएगा। मां अंबिका भवानी गंगापथ का विस्तार मरीन ड्राइव की ही तरह होगा। सोनपुर से लेकर गोपालगंज तक जोड़ने वाला एक नया सड़क हम बना रहे हैं उसका नाम भी भगवान नारायणी पथ होगा। इसके साथ-साथ गंगा के उस पार जो बक्सर का इलाका है उसको भी हमने एक नाम दिया है और वहां जो एक्सप्रेस-वे बनेगा उस पथ का नाम भगवान विश्वामित्र के नाम पर रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और बिहार दोनों विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। रेलवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश विश्वस्तरीय मानक स्थापित करेगा।
कार्यक्रम को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, सारण के सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी, महाराजगंज के सांसद श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद, विधायक, विधान पार्षद सहित अन्य वरीय अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ जंक्शन से उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री अरविंद कुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी जुड़े हुये थे।
इसके पश्चात् मढ़ौरा लोको प्लांट से मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव, सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी, सांसद श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर अफ्रीकी देश गिनी को निर्यात किये जाने वाले 51वें रेल इंजन को रवाना किया और मढ़ौरा रेल फैक्ट्री का निरीक्षण किया।




