भोजपुर – एनकाउंटर कांड पर कांग्रेस का बड़ा आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई चर्चित घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्रीधर तिवारी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भरत तिवारी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद उसे कथित तौर पर मुठभेड़ का रूप देकर मौत के घाट उतार दिया गया।
मीडिया से बातचीत के दौरान श्रीधर तिवारी ने कहा कि यह घटना बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक है। उनका आरोप है कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उसके बाद मुठभेड़ की स्थिति कैसे उत्पन्न हुई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि कानून के राज में किसी भी व्यक्ति को न्यायिक प्रक्रिया से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले की पारदर्शी जांच कराने तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की अपील की।
उधर, बिलौटी घटना को लेकर क्षेत्र में पहले से ही लोगों के बीच चर्चा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा भी मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई जा रही है।

Join us on: