दखल दिहानी के दौरान आत्मदाह का प्रयास, घटना स्थल पर पहुँचे DIG.

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर दखल दिहानी के दौरान पीड़ित परिवार के एक बुजुर्ग आग में झुलसकर हुए थे जख्मी!

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र स्थित सलहा पंचायत अंतर्गत अधवारी गांव में मंगलवार को कोर्ट के निर्देश पर दखल दिहानी के दौरान आग में झुलसने से बुरी तरह जख्मी हुए एक व्यक्ति के संबंध मे घटना की जांच के लिये भारत नेपाल समन्वय बैठक से लौटने के क्रम में बुधवार को रंगा परिक्षेत्र के डी आई जी मनोज कुमार तिवारी, एसपी योगेंद्र कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक हरलाखी की ओर से डीएम के साथ लौटने के दौरान पहले बेनीपट्टी थाना पहुंचे। हालांकि, जिलाधिकारी थाना पर रुके नहीं ओर सीधे जिला मुख्यालय के लिये रवाना हो गये। वहीं एसपी थाना पर करीब आधे घंटे तक रुककर अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में एसडीएम, एसडीपीओ, सीओ सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठकर घटना के संबंध में पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद एसपी काफिले के साथ अधवारी गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने घटना के संबंध में सीओ अभिषेक आनंद और एसडीपीओ अमित कुमार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने जिस भूभाग पर दखल दिहानी कराना था, उसका मुआयना किया और मौजूद पुलिस अधिकारियों को कई जरुरी निर्देश भी दिए। जांच करने के बाद एसडीपीओ को रिपोर्ट भेजने का निर्देश देकर वहां से जिला मुख्यालय के लिये प्रस्थान कर गये। इस दौरान एसपी ने बताया कि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित ने खुद ही अपने शरीर में आग लगा ली थी, जिससे वह बुरी तरह झुलसकर घायल हो गये। हालांकि सभी बिंदुओं पर पुलिस अपने स्तर से बारीकी से जांच कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार को दखल दिहानी से संबंधित कोई नोटिस नही मिलने की सबाल पर उन्होंने बताया कि यह न्यायालय का मामला है। प्रशासन तो सिर्फ न्यायालय के निर्देश का अनुपालन कर रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि इस जमीन के स्वामित्व विवाद व्यवहार न्यायालय में कई वर्षों से चल रहा था और बीते 2 जून को दूसरे पक्ष महेंद्र यादव को दखल दिहानी कराने के पक्ष में फैसला देते हुए दखल दिहानी कराने का निर्देश न्यायालय द्वारा जारी हुआ था। न्यायालय के आदेश की जानकारी दोनों ही पक्षों को थी। उन्होंने यह भी बताया कि कोर्ट कमिश्नर की भूमिका को लेकर विभिन्न तरह की बाते सामने आ रही है। बताते चलें कि करीब आधे घंटे तक घटना स्थल का मुआयना करने के बाद भी वे पीड़ित परिवार के किसी परिजन से नही मिले। उधर पीड़ित की स्थिति में तेजी से सुधार नही होने के कारण उसे डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया और फिर वहां से पीएमसीएच पटना के लिए रेफर कर दिया गया। एसपी के जाने के करीब 1 घंटा बाद मिथिला क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी भी घटना स्थल पर पहुंचे और मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से घटना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने उस स्थल का अवलोकन किया, जहां बुजुर्ग के शरीर में आग लगी थी। इसके बाद जख्मी बुजुर्ग के परिजन बेटी कविता देवी व जख्मी के भाई की पत्नी शीला देवी से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले में आवश्य कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीआइजी ने बताया कि आग लगने और लगाने का आरोप प्रत्यारोप की बातें सामने आ रही है, जो अनुसंधान का विषय है। अनुसंधान के बाद ही अगलगी की घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Join us on: