सुपौल- एनएच-27 पर नाकेबंदी के दौरान हथियार के साथ दो लोग गिरफ्तार, घर से 45.32 लाख रुपये बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

भपटियाही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रेटा कार से मिली पिस्टल और कारतूस,चालक फरार

सुपौल :- जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर की गई छापेमारी में एक घर से 45 लाख 32 हजार 200 रुपये नकद, एक देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। सुपौल एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि 16 जून की शाम करीब 6:25 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित अभियुक्त रंजीत कुमार मेहता अपने सहयोगियों के साथ हुंडई क्रेटा वाहन से राघोपुर की ओर से भपटियाही आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डोमराही के पास एनएच-27 पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोक दिया और अंधेरे तथा सड़क किनारे भरे पानी का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि वाहन में सवार दो अन्य व्यक्तियों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार मेहता और चंदन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से दो पिस्टल, तीन मैगजीन, 7.65 एमएम के पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा क्रेटा कार बरामद हुई। बरामदगी के बाद भपटियाही थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 164/2026 दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले के नामजद अभियुक्त दीपक कुमार सिंह के पिपराखुर्द स्थित घर पर 16 और 17 जून की मध्यरात्रि छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 45 लाख 32 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में भपटियाही थाना में कांड संख्या 165/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी दीपक कुमार सिंह और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों और भारी मात्रा में मिली नकदी का स्रोत क्या है तथा इनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Join us on: