मधुबनी में आग का तांडव, 5 दुकान व एक घर जलकर राख, भारी नुकसान!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हुर्राही चौक पर बिते देर रात भीषण आग लगने से पांच दुकानें और एक आवासीय घर जलकर राख हो गया। इस भीषण अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना बेनीपट्टी-उमगांव मुख्य मार्ग स्थित हुर्राही चौक पर रात के करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की तेज लपटें देखते ही स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचे कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुका था। लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दिया।सूचना मिलने पर हरलाखी थाना का अग्निशमन वाहन भी मौके पर जब तक पहुंचती तब तक दूकान सहित आवासीय धर मे रखे अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। अग्निशमन टीम द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निकांड में संजय कुमार दास की पान दुकान व जनरल स्टोर, बबलू कुमार दास की फल की दुकान, राम सुंदर मंडल की सब्जी-फल दुकान, मोहन साह की किराना दुकान, कासिम बैठा की किराना दुकान तथा स्वर्गीय विशुन मंडल की पत्नी सीता देवी की चाय दुकान पूरी तरह जल कर राख हो गई।
इसके अलावा स्वर्गीय किशुन मंडल की पत्नी शिवानी देवी का आवासीय घर भी आग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि किशुन मंडल का निधन करीब 20 दिन पूर्व ही हुआ था। आग लगने के समय घर में शिवानी देवी, उनका पुत्र विशाल कुमार तथा विवाहित पुत्री पूजा देवी अपने तीन छोटे बच्चों के साथ मौजूद थीं। परिवार ने किसी तरह जाफरी (टाट) तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग लगने से घर में रखे अनाज, गहने, नकदी, चौकी, बर्तन, पंखे, मोबाइल, जरूरी कागजात समेत सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सभी प्रभावित दुकानें और घर एस्बेस्टस की छत वाले बताए जा रहे हैं।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। कुछ लोग शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण इसे साजिश से जोड़कर देख रहे हैं। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
घटना के संबंध में अंचलाधिकारी रीना कुमारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है तथा नियमानुसार पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी पीड़ित परिवारों के उपर गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है।

Join us on: