आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पिछले कई दिनों से पुलिस के लिए सिरदर्द बना मानसिक रूप से बीमार युवक आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। शाहपुर थाना क्षेत्र में हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आज सुबह पुलिस और युवक के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें युवक घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि मानसिक रूप से बीमार अमन तिवारी ने मंगलवार शाम पुलिस बल पर पिस्तौल तान दी थी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देता रहा।

बुधवार की सुबह शाहपुर और जगदीशपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए युवक की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अमन तिवारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें युवक के पैर में तीन गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बाइट / सीडीपीओ (जगदीशपुर)
फिलहाल घायल युवक की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और उसने पुलिस पर फायरिंग क्यों की।




