‎भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन अभिषेक और राजेश झा ने संभाला प्रदेश महामंत्री का पदभार!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!



मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच नव नियुक्त महामंत्रियों ने किया कार्यभार ग्रहण

संगठन विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस : नितिन अभिषेक

भाजपा को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से करेंगे कार्य : राजेश झा


‎पटना, 11 जून। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के नव नियुक्त महामंत्री नितिन अभिषेक और राजेश झा उर्फ राजू झा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में अपने-अपने कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और हवन के साथ विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

‎पदभार ग्रहण के बाद नितिन अभिषेक ने कहा कि भाजपा ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

‎वहीं राजेश झा उर्फ राजू झा ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर संवाद और समन्वय स्थापित किया जाएगा।

‎दोनों नेताओं ने कहा कि बिहार में भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर पार्टी नई उपलब्धियां हासिल कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

‎इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त महामंत्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा संगठन हित में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Join us on: