रिपोर्ट – कुमार हर्ष!
जमुई – छात्रा की मौत पर बवाल, सड़क जाम,पुलिस पर पथराव, फायरिंग!
सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत के बाद उबाल, चार घंटे तक बंद रहा मुख्य मार्ग, जमुई बना रणक्षेत्र!
– दो घंटे लगातार होता रहा पथराव, पुलिस को भीड़ नियंत्रण के लिए करनी पड़ी फायरिंग!
जमुई. जिले के खैरा बाजार में सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत के बाद पूरा बाजार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. घटना के करीब चार घंटे बाद तक मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरे तरीके से बंद रहा तो वहीं पूरा बाजार भी बंद हो गया. गौरतलब है कि गुरुवार सुबह 07 बजे एक गिट्टी लदे हाइवा ने कोचिंग जा रही एक छात्रा को कुचल दिया. इस दौरान छात्रा करीब 15फीट तक ट्रक के नीचे घिसटती चली गई, जिस से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. आक्रोशित लोगों ने सबसे पहले घटनास्थल पर बांस लगाकर सड़क को जाम कर दिया, इसके बाद खैरा-सोनो मोड़ पर भी जाम लगा दिया. इसके बाद सभी लोग खैरा थाना चौक पहुंचे और उसे भी जाम कर दिया. इसके बाद उपद्रवियों ने खैरा थाना पर हमला बोल दिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की. लोगों ने थाना परिसर में खड़ी गाड़ियों को अपना निशाना बनाया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया. वहां मौजूद पुलिस के जवान और महिला जवानों के साथ मारपीट की. इस दौरान पुलिस को भीड़ नियंत्रण के लिए गोली भी चलानी पड़ी है. बताते चलें कि करीब दो घंटे से भी अधिक समय तक पुलिस पर पथराव और झड़प होता रहा, जिसे शांत करने के लिए पुलिस को करीब एक दर्जन राउंड गोली चलानी पड़ी. भीड़ इतनी उग्र थी कि खैरा हाई स्कूल चौक से लेकर खैरा थाना चौक और गोपालपुर मोड़ तक सड़क पर पत्थरों का अंबार बन गया. इस दौरान उपद्रवियों ने कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया है तथा इस में खैरा अंचलाधिकारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी को चोटें भी आई है. घटना के करीब तीन घंटे बाद जिला पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त जवान तथा पकरी से एसएसबी जवान मौके पर पहुंचे. इस दौरान एडीएम, एसडीएम, एसडीपीओ, हेडक्वार्टर डीएसपी सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृत छात्रा के परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने आधा दर्जन के करीब लोगों को हिरासत में भी लिया है.




