रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए में बने रहने और अपने बेटे के मंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। हालांकि, उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए कई सवालों पर गोलमोल प्रतिक्रिया दी।
दरअसल, हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव में सीट नहीं मिलने के बाद उपेंद्र कुशवाहा की नाराज़गी की चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच जब पटना एयरपोर्ट पर मीडिया ने उनसे सवाल किया कि क्या वे एनडीए छोड़ने की तैयारी में हैं, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से परहेज किया।
“जो पहले समझौता हुआ था, उसके अनुसार चीज़ें नहीं हुईं… लेकिन इसका जवाब बीजेपी से पूछा जाना चाहिए, मुझसे नहीं।”
हालांकि, कुशवाहा ने साफ किया कि वे नाराज़ नहीं हैं और आगे की रणनीति को लेकर भी कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया।
“नाराज़गी की कोई बात नहीं है। जो हुआ है ठीक है… आगे क्या होगा, वो आगे देखा जाएगा।”
वहीं, उनके बेटे और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के इस्तीफे को लेकर भी सवाल उठे। इस पर कुशवाहा ने दो टूक कहा कि जब तक एनडीए ने उन्हें मंत्री बनाया है, तब तक वे अपने पद पर बने रहेंगे।
“जब तक एनडीए के लोग उन्हें मंत्री बनाए हुए हैं, तब तक रहेंगे।”
मीडिया द्वारा लगातार सवाल पूछे जाने पर कुशवाहा कुछ नाराज़ भी नजर आए। उन्होंने पत्रकारों से ही सवाल पूछने की वजह पर सवाल खड़ा कर दिया।
“यह मेरा मामला है… आप डिसाइड करने वाले कौन होते हैं?”
वहीं, इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कुशवाहा ने इसे “फजूल का गठबंधन” बताया और इसकी एकता पर भी सवाल उठाए।




