डुमरांव अस्पताल में शर्मनाक हालात: बिजली-जेनरेटर फेल, MNCU के गेट पर नवजातों का इलाज करते दिखे डॉक्टर!

SHARE:

बक्सर से धीरज कुमार की रिपोर्ट

डुमरांव अस्पताल में शर्मनाक हालात: बिजली-जेनरेटर फेल, MNCU के गेट पर नवजातों का इलाज करते दिखे डॉक्टर, वीडियो वायरल

बक्सर/डुमरांव: सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलता एक वीडियो डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल से सामने आया है। वायरल वीडियो में मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) में भर्ती दो नवजात बच्चों का इलाज डॉक्टर यूनिट के गेट के बाहर करते दिख रहे हैं।

वीडियो में परिजन और महिलाएं हाथ से पंखा झलकर नवजातों को हवा करती नजर आ रही हैं। लोग अस्पताल प्रबंधन की बदइंतजामी पर खुलकर नाराजगी जता रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अस्पताल में बिजली गुल थी और जेनरेटर भी नहीं चल रहा था। गर्मी और उमस के कारण MNCU के अंदर बच्चों को रखना खतरे से खाली नहीं था, इसलिए डॉक्टरों ने मजबूरी में बाहर इलाज शुरू किया।

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूजर्स पूछ रहे हैं कि जब MNCU जैसी संवेदनशील यूनिट में ही बिजली का बैकअप नहीं है तो आम मरीजों का क्या हाल होगा।

फिलहाल प्रशासन की ओर से बिजली गुल होने और जेनरेटर खराब होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामला तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच की बात कही है।

Join us on: