आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा (भोजपुर)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधान परिषद (एमएलसी) उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भोजपुरी गायक एवं सिने स्टार पवन सिंह लगातार जनसंपर्क और आशीर्वाद यात्रा पर हैं। इसी क्रम में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने समर्थकों के साथ जगदीशपुर पहुंचे।
जगदीशपुर पहुंचने पर पवन सिंह ने सबसे पहले स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह को पगड़ी भी अर्पित की और उनके शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
एमएलसी उम्मीदवार घोषित होने के बाद से पवन सिंह लगातार विभिन्न मंदिरों एवं महापुरुषों के स्मारकों पर पहुंचकर श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ रही है। जगदीशपुर में भी समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पवन सिंह ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और प्रदेश के विकास के लिए कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। पवन सिंह के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।



