होटल में घुसकर बदमाशों ने जमकर मचाया उत्पात, कर्मियों को खूब पीटा!

SHARE:

रिपोर्ट – रुपेश कुमार!

– बिहार के औरंगाबाद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच अब व्यवसायी और होटल संचालक भी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। ताजा मामला औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े अपराधी ने होटल नीलम पैलेस में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि होटल के मैनेजर, महिला कर्मियों और सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद व्यवसायियों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। घटना शहर के फार्म इलाके के समीप स्थित होटल नीलम पैलेस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कुछ अपराधियों ने अचानक होटल परिसर में घुस आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने होटल कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान होटल के मैनेजर को निशाना बनाया गया, वहीं बीच-बचाव करने पहुंची महिला कर्मियों और सफाई कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार एवं मारपीट की गई।

घटना के बाद होटल संचालक सौरभ कुमार सिंह ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं होंगी तो व्यापारी खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यवसायी वर्ग चिंतित है और अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

ऐसे में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यवसायियों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है।

Join us on: