आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा जक्शन के परिसरों एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ दानापुर उदय सिंह पवार एवं रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निरीक्षक आरपीएफ (आरा) दीपक कुमार तथा जीआरपी थानाध्यक्ष रणधीर कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा सीसीटीवी सर्विलांस और सघन निगरानी की जा रही थी।
शनिवार को सीसीटीवी फुटेज की निगरानी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 पर लाल रंग की शर्ट पहने एक युवक संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दिया। युवक बार-बार प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर खड़ी ट्रेन संख्या 63229 में प्रवेश कर बाहर निकल रहा था। उसकी गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों को उस पर संदेह हुआ।
इसके बाद आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम ने सीसीटीवी के माध्यम से युवक की लगातार निगरानी की और प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 के पश्चिमी छोर स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के समीप उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान रोहित शाह (20 वर्ष), ग्राम रामपुर, थाना मनेर, जिला पटना निवासी के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसके पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह मोबाइल प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर खड़ी ट्रेन में सो रहे एक यात्री से चोरी किया था।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन परिसर में आधुनिक सीसीटीवी प्रणाली के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी सतर्कता के कारण आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया।



