रिपोर्ट – अमित कुमार!
दानापुर पुणे–दानापुर स्पेशल ट्रेन में एक यात्री का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से दानापुर रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री ने ट्रेन के भीतर बेल्ट के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। ट्रेन के दानापुर स्टेशन पहुंचने पर संबंधित कोच से शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया और जांच शुरू की गई।
रेल पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने कोच और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए दानापुर रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे पुलिस यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
बाइट – अजय कुमार, थाना अध्यक्ष, रेल जीआरपी, दानापुर।



