म्यांमार के राष्ट्रपति पहुंचे बोधगया, महाबोधि मंदिर में की पूजा अर्चना!

SHARE:

रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!

गया जी: म्यांमार के राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग शनिवार को विशेष विमान से गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे जहां बिहार के राज्यपाल एवं गया जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उनका स्वागत किया इसके बाद वे कड़ी सुरक्षा के बीच बोधगया पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर के गर्भगृह में विशेष रूप से पूजा अर्चना की. उनके आगमन को लेकर बोधगया अभूतपूर्व सुरक्षा घेरे में तब्दील रहा. प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे दौरे के दौरान मुस्तैद रहे.
उनके साथ म्यांमार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था. सर्वप्रथम म्यांमार के राष्ट्रपति और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को विश्राम स्थल लाया गया.
बोधगया पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में दर्शन-पूजन किया. उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत कर बौद्ध परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की गतिविधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रही.
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रही. महाबोधि मंदिर से लेकर एयरपोर्ट मार्ग तक सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए गए थे.
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार स्वयं व्यवस्था की निगरानी करते रहे. पुलिस, विशेष सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियों की टीमों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था.
महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति ने सुजाता बाईपास रोड स्थित बर्मीज बौद्ध मठ का भ्रमण किया. इसके बाद बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर पहुंचकर भी पूजा-अर्चना की. इस दौरान उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी साथ रहे.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारी कर रखी थी. सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और प्रोटोकॉल व्यवस्था के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.

Join us on: