पुलिस के डर से नदी में कुदा युवक, मौत के बाद भड़का आक्रोश, शव के साथ बवाल!

SHARE:

रिपोर्ट – बिक्रम कुमार!

खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में पुलिसिया दबिश के डर से एक 26 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को थाने के सामने रखकर देर रात से ही उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसी बीच प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोरकाही थाना की महिला थानाध्यक्ष अंतिमा कुमारी द्वारा पीड़ित परिजनों और भीड़ की तरफ कथित रूप से सरकारी पिस्टल लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तनाव और अधिक गहरा गया है.

छापेमारी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मोरकाही थाना की पुलिस टीम बीती रात सबलपुर गांव में किसी अन्य मामले के आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी करने पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस बल को अचानक अपने गांव में देखकर सबलपुर निवासी शत्रुघ्न पासवान का 26 वर्षीय पुत्र सौरव कुमार पूरी तरह घबरा गया. खुद को घिरता देख वह भागने की कोशिश में पास ही स्थित मालती धार नदी में कूद गया. गहरे पानी में चले जाने और तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और मौके पर ही डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

बीती रात 1 बजे से शव के साथ थाने का घेराव

युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे सबलपुर गांव में कोहराम मच गया. पुलिस की इस कार्यशैली से नाराज सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिजन मृतक सौरव के शव को लेकर सीधे मोरकाही थाना पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने रात्रि करीब 1 बजे से ही थाने का मुख्य द्वार जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए न्याय की गुहार लगाने लगे. ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं.

थानाध्यक्ष के कथित वीडियो से भड़का आक्रोश

थाने के घेराव और प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और बिगड़ गया जब सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो सामने आया. इस वीडियो में मोरकाही थानाध्यक्ष अंतिमा कुमारी प्रदर्शनकारी परिजनों और ग्रामीणों की तरफ अपनी पिस्टल तानती और लहराती हुई नजर आ रही हैं. हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस न्याय देने के बजाय पीड़ितों को डराने और आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

घटना की संवेदनशीलता और थाने पर बढ़ते जा रहे भारी बवाल को देखते हुए खगड़िया पुलिस के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. स्थिति को अनियंत्रित होने से रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई है. वरिष्ठ अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने, निष्पक्ष जांच का भरोसा देने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का लगातार प्रयास कर रहे हैं. स्थानीय स्तर पर स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है.
बाईट: मृतक का बहन व भाई

Join us on: