रिपोर्ट – अमित कुमार
.बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला खाली करने का आदेश जारी कर दिया है।
ये बंगला अब बिहार सरकार के पशुपालन, मत्स्य और डेयरी मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट कर दिया गया है और वहां नए वीवीआईपी नेमप्लेट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
राबड़ी देवी को इसके बदले में 39 ए, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। विभाग का कहना है कि ये आवास पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी प्रोटोकॉल के अनुरूप पूरी तरह तैयार है।
10 सर्कुलर रोड का बंगला बिहार की राजनीति में खास महत्व रखता है। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का परिवार यहां करीब दो दशक से ज्यादा समय से रह रहा था और राजद की कई महत्वपूर्ण बैठकों का ये केंद्र रहा है। भवन निर्माण विभाग पहले भी कई बार बंगला खाली करने का नोटिस दे चुका है। विभाग के अनुसार ये फैसला पूरी तरह प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और मंत्रियों को उनके पद के अनुरूप श्रेणीबद्ध आवास दिए जाते हैं।



