रिपोर्ट – कुमार प्रमोद -सीवान!
सीवान: जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी मंगेतर, उसके कथित बॉयफ्रेंड और ससुराल वालों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक आदित्य कुमार रावत (25) ने आरोप लगाया है कि 27 मई की रात उसकी मंगेतर और ससुराल वालों ने उसे मिलने के लिए अपने घर बुलाया था। आदित्य के मुताबिक, जब वह वहां पहुंचा तो उसकी होने वाली पत्नी का कथित बॉयफ्रेंड सचिन पहले से मौजूद था। युवक का आरोप है कि घर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू हो गई और इसी दौरान पीछे से उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
आदित्य ने बताया कि आग लगने के बाद वह दर्द से चीखने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। इसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित का कहना है कि उसकी सगाई कुछ महीने पहले हुई थी और शादी की तैयारी चल रही थी। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि उसकी होने वाली पत्नी का किसी युवक से पहले से संबंध था। हालांकि, उसने रिश्ते पर भरोसा जताते हुए इस बात को नजरअंदाज किया। आदित्य का कहना है कि उसने अपनी मंगेतर से इस बारे में बात भी की थी, लेकिन उसने कुछ स्पष्ट नहीं बताया।
घायल युवक ने दावा किया कि घटना से पहले भी उसे कथित बॉयफ्रेंड की ओर से धमकियां मिल रही थीं। इसके बावजूद उसने रिश्ते को बचाने की कोशिश की। लेकिन अब उसने अपनी मंगेतर, उसके कथित बॉयफ्रेंड और ससुराल वालों पर जान लेने की कोशिश का आरोप लगाया है।
वहीं, घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जबकि घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




