सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जमुई, सरकारी शिक्षक और मुखिया पुत्र को मारी गोली!

SHARE:


कुमार हर्ष की रिपोर्ट –

जमुई में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने एक सरकारी शिक्षक और मुखिया पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बरहट थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के समीप सुबह करीब चार बजे हुई, जहां बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने शिक्षक गौतम कुमार दास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

घायल गौतम कुमार दास लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया गांव निवासी पूर्व मुखिया महेश रविदास के पुत्र हैं। उनकी मां मोहनी देवी वर्तमान में पंचायत की मुखिया हैं। गौतम लखीसराय जिले के कजरा पंचायत स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह वह बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।

घायल शिक्षक ने बताया कि मोहनपुर गांव के पास से ही एक संदिग्ध बाइक लगातार उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। बिशनपुर गांव के समीप जैसे ही उन्होंने बाइक की रफ्तार धीमी की, तीन नकाबपोश बदमाशों ने सामने से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनके दाहिने कंधे के नीचे लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उनके सिर में दूसरी गोली मारने की भी कोशिश की, लेकिन घटनास्थल पर गिरा हेलमेट उनकी जिंदगी का कवच बन गया। घायल शिक्षक ने हिम्मत दिखाते हुए हेलमेट पहन लिया और जान बचाने के लिए गांव की ओर भाग निकले। इसके बाद अपराधी मलयपुर की दिशा में फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बरहट थाना की गश्ती टीम में तैनात एएसआई मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले गए।

वर्तमान मुखिया मोहनी देवी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले मुकेश कुमार नामक व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी थी। वहीं घायल शिक्षक ने इस हमले के पीछे राजनीतिक विरोधियों का हाथ होने की आशंका जताई है।

एडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरहट और लक्ष्मीपुर थाना पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि घायल शिक्षक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइट:सतीश सुमन, एसडीपीओ जमुई
बाइट:परिजन

Join us on: