मधुबनी-जनकपुर सड़क एवं मधुबनी कमतौल रेललाइन सहित बिहार की 29 नई रेल परियोजनाओं का होगा सर्वेक्षण!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

वर्षों से उठ रही बेनीपट्टी को रेलवे से जोड़ने की मांग को मिली बड़ी उम्मीद

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग वर्षों से लगातार उठाई जा रही थी। रेलवे बोर्ड द्वारा बिहार में 29 नई रेललाइन परियोजनाओं के सर्वेक्षण को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। इस सूची में मधुबनी-जनकपुर रोड के बीच साहरघाट होते हुए 50 किलोमीटर तथा मधुबनी-कमतौल के बीच 30 किलोमीटर रेललाइन परियोजना भी शामिल है, जिससे बेनीपट्टी क्षेत्र के लोगों को बड़ी उम्मीद जागी है।
बेनीपट्टी को रेलवे से जोड़ने की मांग को लेकर कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही थी। यदि प्रमुख लोगों की बात करें तो रेल मांग आंदोलन के अध्यक्ष सह समाजसेवी कमल कुमार झा ने वर्षों तक धरना, ज्ञापन एवं पत्राचार के माध्यम से अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों तक इस मांग को पहुंचाते रहें।
वहीं, एंटी करप्शन इंडिया के मधुबनी जिला अध्यक्ष जटाशंकर झा ने भी आरटीआई के माध्यम से लगातार इस मुद्दे को उठाकर प्रशासन और रेलवे विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया।
लगातार हो रहे जनदबाव और प्रयासों का ही परिणाम माना जा रहा है कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना में बेनीपट्टी क्षेत्र को जोड़ने के उद्देश्य से मधुबनी-पुपरी एवं मधुबनी-कमतौल रेल रूट के सर्वेक्षण को हरी झंडी दे दी गई है।
अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें राज्य एवं केंद्र सरकार पर टिकी हुई हैं कि आखिर इन परियोजनाओं को कब तक धरातल पर उतारकर लोगों के वर्षों पुराने सपने को साकार किया जाता है।

Join us on: