नवादा में दर्दनाक हादसा: डायल 112 के चालक सिपाही की टोटो की टक्कर से मौत!

SHARE:

नवादा/ सोनू सिंह ।

नवादा में ड्यूटी पर तैनात डायल 112 वाहन के चालक सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई. नगर थाना क्षेत्र में सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है.

नवादा जिले से रविवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई है. नगर थाना क्षेत्र के महुली के पास डायल 112 वाहन के चालक सिपाही शिव कुमार उर्फ शंकर सिंह सड़क हादसे का शिकार हो गए. जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान वे वाहन से उतरकर सड़क किनारे गए थे. इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि शिव कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतक के परिजन सौरव कुमार ने बताया कि मृतक शिव कुमार उर्फ शंकर सिंह नवादा जिले के नारदीगंज क्षेत्र के नारदीडीह गांव के निवासी थे. वे पूर्व में भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे और बाद में पुलिस विभाग में चालक सिपाही के रूप में कार्यरत थे.

एसपी पहुंचे अस्पताल, पुलिस महकमे में शोक:
घटना की सूचना मिलते ही नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. अस्पताल में मौजूद परिजनों और पुलिसकर्मियों का रो-रोकर बुरा हाल था. साथी जवानों के बीच भी गहरा शोक व्याप्त है.

ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जनता की सुरक्षा में तैनात एक जवान की इस तरह मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Join us on: