रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
आगामी दिनांक 27.05.2026 को आयोजित होने वाले बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर आज जिलाधिकारी खगड़िया श्री नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार द्वारा शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती, अपर समाहर्ता श्रीमती आरती, अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खगड़िया-1 एवं 2, अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शांति समिति के सभी सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में क्रमवार जानकारी दी गई। पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से बचें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी वीडियो, फोटो अथवा सूचना की सत्यता की पुष्टि साइबर सेल अथवा प्रशासनिक माध्यमों से अवश्य कर लें।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर समाज में तनाव उत्पन्न करने अथवा भीड़ को उकसाने का प्रयास न किया जाए। प्रशासन द्वारा असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक में पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, पुलिस गश्ती, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी नागरिकों से संयम, सद्भाव एवं आपसी सम्मान के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में बकरीद पर्व मनाने का आग्रह किया गया।




