:- रवि शंकर अमित!
आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष , उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी , नगर आयुक्त श्री सोमेश बहादुर माथुर, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, संवेदनशीलता एवं सामाजिक सद्भाव का पर्व है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के अवसर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी संवेदनशील एवं चिन्हित स्थलों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विशेष रूप से 28 मई से 30 मई, 2026 तक जिले में सतत निगरानी एवं प्रभावी विधि-व्यवस्था संधारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने पर्व के दौरान मांस वितरण तथा उससे संबंधित अफवाहों के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नमाज अदा किए जाने वाले स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर निकायों एवं स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष गश्ती, निरंतर पेट्रोलिंग तथा असामाजिक एवं विधि-विरुद्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की जा रही है, साथ ही स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकों को सक्रिय रूप से आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों से निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए बकरीद पर्व मनाने की अपील की गई।




