:- रवि शंकर अमित!
एनटीपीसी बाढ़ द्वारा आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान–2026 का उद्घाटन समारोह दिनांक 24 मई 2026 को सौहार्द भवन, ओजस नगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री हरेकृष्ण जेना, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), एनटीपीसी बाढ़ एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एनटीपीसी गीत एवं GEM छात्राओं के स्वागत गीत से हुई।
बालिका सशक्तिकरण अभियान–2026 के अंतर्गत परियोजना प्रभावित क्षेत्रों से चयनित 55 बालिकाओं को 28 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को गणित, अंग्रेजी, हिंदी, कंप्यूटर शिक्षा एवं सामान्य ज्ञान के साथ-साथ योग, कराटे, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा नेतृत्व क्षमता से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अपने संबोधन में श्री हरेकृष्ण जेना ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बालिकाएँ ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष की GEM छात्राओं एवं बाल भवन के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही GEM छात्राओं द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए गए। कार्यक्रम में GEM फिल्म का प्रदर्शन एवं छात्राओं के बीच शिक्षण सामग्री किट का वितरण भी किया गया।
उद्घाटन समारोह के साथ ही बालिका सशक्तिकरण अभियान–2026 की औपचारिक शुरुआत हुई, जो आगामी चार सप्ताह तक विभिन्न शिक्षाप्रद एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में श्री अजीत कुमार सिंह, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम), श्री अरुण कुमार सिंह, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन), मंदाकिनी क्लब की वरिष्ठ सदस्याएँ, विभिन्न विभागाध्यक्षगण, एसोसिएशन एवं यूनियन के पदाधिकारीगण, GEM-2026 में सहभागी बालिकाएँ, उनके अभिभावक, प्रशिक्षण एजेंसी के प्रतिनिधिगण तथा अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




