बेगूसराय- बकरीद को लेकर डीएम एसपी ने अधिकारीयों संग की वर्चुअल समीक्षा बैठक!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता मे समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष से आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर्व संवेदनशीलता एवं आपसी सौहार्द का पर्व है। पर्व के दौरान जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के अवसर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि बकरीद पर्व के अवसर पर जिला स्तर से संयुक्त आदेश निर्गत किया जाएगा। साथ ही अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर भी आवश्यकतानुसार संयुक्त आदेश जारी कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को ब्रीफिंग सुनिश्चित की जाएगी। पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों को भी आवश्यकता अनुसार विभिन्न संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों पर प्रतिनियुक्त किया जा सकता है।

बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि 28 मई से 30 मई, 2026 तक जिले में सतत निगरानी एवं विधि-व्यवस्था संधारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पर्व के दौरान मांस वितरण एवं उससे संबंधित अफवाहों को लेकर उत्पन्न होने वाली संभावित स्थितियों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारियों को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नमाज अदा किए जाने वाले स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने नगर निकायों एवं स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष गश्ती, निरंतर पेट्रोलिंग एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही शांति समिति की बैठकों को सक्रिय रूप से आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों से समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।

Join us on: