अपराधियों का न कोई जाति, न कोई धर्म होता है,अपराधियों के खिलाफ करवाई रहेगी जारी – भाजपा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल का प्रेस बयान।

अपराधियों का न कोई जाति, न कोई धर्म होता, अपराधियों के खिलाफ करवाई।
“लाठी-डंडा तंत्र” के दिन गये अब कानून का राज चलेगा।
सरकार की प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ अपराध मुक्त बिहार _ प्रेम रंजन पटेल

पटना, 22 मई 2026
अपराध और अपराधियों को जातीय चश्मे से देखने की राजनीति करने वाले लोग दरअसल अपराधियों के सबसे बड़े संरक्षक हैं। जिन लोगों ने वर्षों तक बिहार को आतंक, दहशत और भय के वातावरण में रखा, जिन्होंने लाठी-डंडे, गोली और बाहुबलियों के सहारे सत्ता चलाई, वही आज अपराधियों की जाति खोजकर उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और खतरनाक मानसिकता है।
अपराधियों की कोई जाति, धर्म या समाज नहीं होता। अपराधी सिर्फ अपराधी होता है। वह अपराध करते समय किसी की जाति नहीं देखता, लेकिन कुछ राजनीतिक दल अपने वोट बैंक की राजनीति के लिए अपराधियों को भी जातीय रंग देकर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। बिहार की जनता अब इस राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है।
अब बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में सरकार की स्पष्ट नीति है, अपराध पर जीरो टॉलरेंस। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस और प्रशासन को साफ निर्देश है कि अपराध नियंत्रण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कि, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
राज्य में अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई हो रही है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं, अपराधियों के मन में कानून का भय स्थापित किया जा रहा है। जो लोग अपराधियों के समर्थन में जातीय नैरेटिव गढ़ रहे हैं, वे दरअसल समाज में अराजकता फैलाने और बिहार को फिर से जंगलराज की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बिहार अब बदल चुका है।
विपक्ष को यह समझ लेना चाहिए कि बिहार की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा चाहती है, न कि अपराधियों की पैरवी करने वाली राजनीति। अपराध के खिलाफ कार्रवाई को जाति से जोड़ना पुलिस और प्रशासन का मनोबल तोड़ने की साजिश है। सरकार ऐसे तत्वों के मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी।
सम्राट चौधरी सरकार कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। बिहार में अमन-चैन, सुरक्षा और सुशासन बनाए रखना सरकार का संकल्प है और आगे भी अपराध तथा अपराधियों के खिलाफ इसी कठोरता के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
_ प्रेम रंजन पटेल
प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा

Join us on:

और पढ़ें