रिपोर्ट – बिकास कुमार!
धबौली दुर्गा स्थान मंदिर के समीप हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस जांच में जुटी
सहरसा।
सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पस्तपार-कहरा मुख्य मार्ग स्थित धबौली दुर्गा स्थान मंदिर के समीप हुई, जहां पिकअप वैन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
मृतक की पहचान केशवपुर छबौली गांव निवासी 25 वर्षीय आशीष कुमार, पिता बिरेन राम, के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद पिकअप वैन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




