रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह द्वारा शहरी जलापूर्ति व्यवस्था पर जताई गई कड़ी नाराजगी के बाद मुंगेर जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और जलापूर्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। बैठक के दौरान कई विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।
ज्ञात हो कि रविवार को केंद्रीय मंत्री ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए नगर निगम क्षेत्र के 45 वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सोमवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता , मेयर कुमकुम देवी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।बैठक के दौरान बुडको एवं नगर विकास विभाग के वरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति कार्य संस्कृति पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया।समीक्षा के दौरान जब बुडको की अभियंता से जलापूर्ति की प्रगति के संबंध में जानकारी मांगी गई, तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि अधिकारी कार्य के प्रति गंभीर नहीं हैं तो वे अपने पद पर बने रहने के औचित्य पर विचार करें।
बैठक में यह तथ्य सामने आया कि वर्ष 2020-21 में प्रधानमंत्री अमृत जलाशय योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के 45 वार्डों में लगभग 39 हजार घरों में जल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, किन्तु वर्तमान में मात्र 18 हजार घरों तक ही नियमित जलापूर्ति हो रही है। वहीं पीएचईडी विभाग द्वारा किए गए करीब 5 हजार कनेक्शनों में भी पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि शेष लगभग 13 हजार घर अब भी जलापूर्ति से वंचित हैं।शहर में व्याप्त गंदगी एवं स्वच्छता व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और स्वच्छता पदाधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्य में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि लापरवाही जारी रहने पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि मंगलवार को नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी वार्ड स्तर पर जाकर यह सुनिश्चित करें कि जिन घरों में जल कनेक्शन होने के बावजूद पानी नहीं पहुंच रहा है, उसके कारणों का भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मंगलवार रात्रि तक प्रत्येक वार्ड की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, बुधवार को बुडको की विशेष टीम मुंगेर पहुंचकर नल-जल योजना की जमीनी स्थिति का आकलन करेगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी परिवार इस मूलभूत सुविधा से वंचित न रह जाए।
बाइट : निखिल धनराज, जिलाधिकारी, मुंगेर




