वर्दी में रील बनाते दिखे पुलिसकर्मी, मुख्यालय के आदेश की उड़ाई धज्जियां।

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पुलिस विभाग द्वारा वर्दी की गरिमा बनाए रखने को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बावजूद राजधानी पटना में कुछ पुलिसकर्मी इन नियमों की अनदेखी करते नजर आए। ताजा मामला पटना के मरीन ड्राइव का है, जहां महिला दरोगा सहित कई पुलिसकर्मी वर्दी में रील बनाते और गानों पर वीडियो शूट करते दिखे।
पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में स्पष्ट सर्कुलर जारी करते हुए सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया था कि वे वर्दी में किसी भी प्रकार के रील, डांस या मनोरंजन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें। इसके पीछे तर्क दिया गया था कि इस तरह की गतिविधियां विभागीय अनुशासन और वर्दी की गरिमा के खिलाफ हैं।
इसके बावजूद मरीन ड्राइव पर कुछ पुलिसकर्मी खुलेआम इन नियमों का उल्लंघन करते दिखे। वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मी फिल्मी गानों पर रील बनाते नजर आ रहे हैं, जिससे विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि बिहार उत्तर प्रदेश और मुंबई सहित देश के कई राज्यों में पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया को लेकर सख्त गाइडलाइन लागू की है। इसके तहत ड्यूटी के दौरान या वर्दी में किसी भी तरह के निजी वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस मुख्यालय क्या सख्त कदम उठाता है और भविष्य में ऐसे मामलों पर कैसे रोक लगाई जाती है।

Join us on: