आभूषण लूटकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, दोनों पैर में लगी गोली, गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- प्रमोद!


सीवान में ज्वैलरी दुकान लूटकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया है। घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित एक ज्वैलरी दुकान में हुई करीब 20 लाख रुपये की लूटकांड का मुख्य आरोपी है। इस मामले में पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, सीवान पुलिस की टीम ने मैरवा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें अंकित कुमार सिंह घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Join us on: