बाढ़- गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, स्थानीय गोताखोर की मदद से खोजबीन जारी!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बाढ़ थाना अंतर्गत बाल शनि धाम मंदिर स्थित सीढ़ी गंगा घाट पर रविवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान 22 वर्षीय एक युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। मृतक युवक की पहचान नालंदा जिले के तोरा गांव निवासी समीर कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से ही गंगा घाट पर पीड़ित परिवार के बीच चीख-पुकार और कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार समीर कुमार शनिवार को अपने परिजनों से मिलने अपनी मौसी के घर मलाही गांव आया हुआ था। रविवार की सुबह वह अपनी बहन और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के साथ गंगा स्नान करने के लिए सीढ़ी घाट पहुंचा था। सभी लोग घाट पर स्नान कर रहे थे, इसी दौरान समीर का पैर फिसल गया और देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया। गहरे पानी में जाने से वह डूबने लगा। घाट पर मौजूद उसकी बहन और परिवार के अन्य सदस्य जब तक कुछ समझ पाते और मदद के लिए गुहार लगाते, तब तक समीर आंखों के सामने ही पानी में पूरी तरह विलीन हो गया। अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया और घाट पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बाढ़ थाने की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों को सूचना दी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में समीर के शव की तलाश के लिए व्यापक खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक शव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस हादसे के बाद से समीर के माता-पिता, बहन और मौसी के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोताखोरों की टीम लगातार शव को ढूंढने का प्रयास कर रही है और जरूरत पड़ने पर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया जा सकता है, ताकि शव को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके। वहीं, मृतक के रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि समीर बेहद सीधा और होनहार लड़का था।

बाइट – परिजन
बाइट – पुलिस अधिकारी, बाढ़ थाना

Join us on: