अब बिहार में नहीं गिरेगा कोई पुल, होगी डिजिटल निगरानी- मंत्री, ई. शैलेन्द्र!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार

अब बिहार में नहीं गिरेगा कोई पुल हर सेतु की होगी डिजिटल निगरानी, बनेगी स्पेशल इंजीनियर टीम :ई शैलेन्द्र

-मुंगेर। बिहार में पुलों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पथ निर्माण विभाग अब बड़ा कदम उठाने जा रहा है। मुंगेर-भागलपुर के विक्रमशिला सेतु में आई तकनीकी समस्या के बाद विभाग ने राज्यभर के पुलों की मॉनिटरिंग के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। राज्य के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार ने कहा कि अब बिहार में किसी भी पुल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और इसके लिए विभाग में एक स्पेशल टीम गठित होगी। देर शाम जिला अतिथि गृह, मुंगेर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान मंत्री ने बताया कि प्रमंडलवार एक-एक वरीय अभियंता को जिम्मेदारी दी जाएगी। ये अधिकारी अपने क्षेत्र के सभी पुलों का विस्तृत डाटा तैयार करेंगे, जिसमें निर्माण तिथि, मरम्मत, रखरखाव, क्षमता, लाइफ टाइम तथा तकनीकी स्थिति जैसी सभी जानकारियां शामिल रहेंगी। इससे विभाग के पास प्रत्येक पुल की अद्यतन और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि विभाग की एक विशेष टीम महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु जैसे राज्यों का दौरा करेगी। वहां पुल निर्माण, आधुनिक तकनीक और रखरखाव की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर बिहार में भी बेहतर तकनीक लागू की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि विक्रमशिला सेतु पर अगले 25 दिनों के भीतर हल्के वाहनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए बीआरओ की टीम 16 मई से बेली ब्रिज निर्माण कार्य आरंभ करेगी।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार, प्रो. अंजू भारद्वाज, संतोष पोद्दार, चंद्रभानू चंद्रवंशी और मनीष सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

बाइट-ई० शैलेन्द्र कुमार पथ निर्माण मंत्री

Join us on: