बेगूसराय- जिला प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल व ब्लैकआउट का सफल आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

नागरिक सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा 14 मई को शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर मॉकड्रिल एवं ब्लैकआउट अभ्यास का आयोजन किया गया।

मॉकड्रिल का आयोजन सदर अस्पताल बेगूसराय, जिला परिषद मार्केट बेगूसराय, इंजीनियरिंग कॉलेज, IOCL बरौनी, NTPC बरौनी एवं HURL बरौनी में किया गया। इस दौरान आपदा एवं आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, नागरिक सुरक्षा व्यवस्था तथा समन्वय की तैयारियों का अभ्यास किया गया।

मॉकड्रिल के उपरांत संध्या समय पूरे जिले में सायरन बजाया गया तथा बिजली विभाग द्वारा निर्धारित अवधि के लिए विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया गया। शहर के विभिन्न मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस वाहनों द्वारा लगातार सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया। निर्धारित समय के दौरान पूरा शहर अंधेरे में डूब गया तथा आम नागरिकों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री ने ब्लैकआउट कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिलेवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मॉकड्रिल एवं नागरिक सुरक्षा अभ्यास भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्रशासन एवं आम नागरिक बेहतर तरीके से तैयार रह सकें।

Join us on: